हल्द्वानी: महापौर गजराज बिष्ट की अध्यक्षता में नगर निगम बोर्ड की बैठक सम्पन्न, 16 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

खबर शेयर करें

हल्द्वानी: नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की बोर्ड बैठक गुरुवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में नगर विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और नागरिक हितों से जुड़े कुल 16 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक प्रारम्भ होने से पूर्व उत्तराखण्ड सरकार द्वारा मनोनीत आठ पार्षदों को महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने नवनियुक्त पार्षदों का स्वागत करते हुए नगर हित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

Ad

बैठक के दौरान नगर निगम ने डोर-टू-डोर यूजर चार्ज संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप का शुभारम्भ भी किया। निगम का कहना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से शुल्क संग्रहण अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी होगा तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। बैठक में महापौर की ओर से 12 तथा पार्षदों की ओर से चार जनहित प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, जिन पर विस्तृत चर्चा के बाद सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं : मंत्री सौरभ बहुगुणा का मुकेश बोरा ने जताया आभार, 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को मिली बड़ी राहत

प्रमुख प्रस्ताव

बोर्ड ने निगम की किरायेदारी दुकानों के किराये में 50 प्रतिशत वृद्धि तथा 31 अक्टूबर 2026 तक किराया जमा करने पर छूट देने का निर्णय लिया। नगर क्षेत्र में 200 विद्युत पोल एवं तार लगाने, सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए नई गाड़ियां, ट्रैक्टर और टैंकर खरीदने, नगर निगम मुख्य भवन के विस्तार एवं सिंगल विंडो व्यवस्था विकसित करने तथा सुभाष नगर स्थित भवन में क्षेत्रीय कार्यालय खोलने के प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए।

इसके अलावा महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना के लिए भूमि चयन, 50 टीपीडी फ्रेश वेस्ट प्लांट से संबंधित अवशेष भुगतान, गंगापुर कबड़वाल गोशाला में बायोगैस प्लांट एवं मृत गोवंश के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए इंसिनरेटर लगाने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के अंतर्गत उपविधियां बनाने, ट्यूबवेल निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराने तथा आरोग्य मंदिर के अनुबंध पर विचार करने के प्रस्ताव भी पारित किए गए।

यह भी पढ़ें 👉  Job Uttarakhand: वन विकास निगम में निकली 200 पदों पर भर्ती, 12वीं पास को मौका, 63,200 तक वेतन

पार्षदों के जनहित प्रस्ताव

बैठक में सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर स्थापित करने, यूयूएसडीए द्वारा बनाई जा रही सड़कों के साथ नालियों का निर्माण अनिवार्य करने तथा आवासीय क्षेत्रों में संचालित कबाड़ की दुकानों को हटाने एवं भविष्य में ऐसी दुकानों पर रोक लगाने के प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से स्वीकृत किए गए। इसके साथ ही पूर्व में कराए गए विकास कार्यों की कार्योत्तर स्वीकृति भी बोर्ड ने प्रदान की।

महापौर ने क्या कहा

बैठक को संबोधित करते हुए महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का प्रत्येक निर्णय जनता की सुविधा, पारदर्शिता और विकास को केंद्र में रखकर लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पारित सभी प्रस्ताव नगर के सुनियोजित विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं को नई गति देंगे।

यह भी पढ़ें 👉  NEET फर्जीवाड़े पर धामी सरकार का बड़ा एक्शन, हल्द्वानी में ABVP में बगावत, अब एक क्लिक में पढ़िए 10 बड़ी खबर

उन्होंने कहा कि संपूर्ण नगर निगम उनका परिवार है और नगरवासियों की खुशहाली के लिए पूरा बोर्ड पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहा है। पारित प्रस्तावों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी टोलिया, नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं सभी पार्षद उपस्थित रहे। अंत में महापौर ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बोर्ड की सर्वसम्मति नगर हित में सकारात्मक निर्णय लेने की परंपरा को और मजबूत करेगी।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad

पहाड़ प्रभात डैस्क

समाजशास्त्र में मास्टर की डिग्री के साथ (MAJMC) पत्रकारिता और जनसंचार में मास्टर की डिग्री। पत्रकारिता में 15 वर्ष का अनुभव। अमर उजाला, वसुन्धरादीप सांध्य दैनिक में सेवाएं दीं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में समान रूप से पकड़। राजनीतिक और सांस्कृतिक के साथ खोजी खबरों में खास दिलचस्‍पी। पाठकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाना उनकी लेखनी की खासियत है। अपने लंबे करियर में उन्होंने ट्रेंडिंग कंटेंट को वायरल बनाने के साथ-साथ राजनीति और उत्तराखंड की संस्कृति पर लिखने में विशेषज्ञता हासिल की है। वह सिर्फ एक कंटेंट क्रिएटर ही नहीं, बल्कि एक ऐसे शख्स हैं जो हमेशा कुछ नया सीखने और ख़ुद को बेहतर बनाने के लिए तत्पर रहते हैं। देश के कई प्रसिद्ध मैगजीनों में कविताएं और कहानियां लिखने के साथ ही वह कुमांऊनी गीतकार भी हैं अभी तक उनके लिखे गीतों को कुमांऊ के कई लोकगायक अपनी आवाज दे चुके है। फुर्सत के समय में उन्हें संगीत सुनना, किताबें पढ़ना और फोटोग्राफी पसंद है। वर्तमान में पहाड़ प्रभात डॉट कॉम न्यूज पोर्टल और पहाड़ प्रभात समाचार पत्र के एडिटर इन चीफ है।