रील बनी विवाद की वजह, अल्मोड़ा निवासी विवाहिता ने गाजियाबाद में दी जान

गाजियाबाद। यूपी के गाजियाबाद स्थित सिहानी गेट थाना क्षेत्र के पटेलनगर में सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर विवाद के बीच एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मायके पक्ष ने पति पर पत्नी के चरित्र पर शक करने, लंबे समय से प्रताड़ित करने और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति पान सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी मृतका के भाई ने शिकायत में बताया कि उसकी बहन की शादी दिसंबर 2012 में पान सिंह से हुई थी। शादी के बाद दोनों गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र के पटेलनगर में रह रहे थे। भाई का आरोप है कि उसकी बहन इंस्टाग्राम पर रील बनाती थी, जिसका पति विरोध करता था और उसके चरित्र पर भी शक करता था।
शराब के नशे में मारपीट का आरोप
मृतका के भाई ने पुलिस को बताया कि बहन ने कई बार फोन कर पति द्वारा प्रताड़ित किए जाने की जानकारी दी थी। आरोप है कि पति अक्सर शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था और शराब के लिए रुपये मांगता था। रुपये नहीं देने पर डंडे से पीटने की बात भी कही गई है। भाई के मुताबिक, बहन ने मारपीट से संबंधित वीडियो और अन्य साक्ष्य भी उन्हें दिखाए थे।
आरोप है कि 9 सितंबर को भी विवाहिता के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद उसने घर की छत के कुंडे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पति फरार, तलाश में जुटी पुलिस
एसीपी जियाउद्दीन ने बताया कि विवाहिता के सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी पति फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद घटना से जुड़े कई अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।























