हल्द्वानी: मीरा मार्ग स्थित जूते के शोरूम में भीषण आग, लाखों का नुकसान

हल्द्वानी। शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र मीरा मार्ग स्थित एक जूते के शोरूम में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, हालांकि शोरूम में रखा सामान जलकर खाक हो गया और लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार समाजवादी पार्टी नेता अब्दुल मतीन सिद्दीकी के पुत्र सुमेर सिद्दीकी का मीरा मार्ग में ‘माशा शूज’ नाम से जूते का शोरूम है। मंगलवार देर शाम दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। रात करीब 10 बजे राहगीरों ने दुकान से धुआं निकलते देखा और इसकी सूचना उन्हें दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।


फायर ब्रिगेड के चार वाहनों ने लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से आग को आसपास की दुकानों तक पहुंचने से रोक लिया गया। शोरूम स्वामी सुमेर सिद्दीकी के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। अग्निशमन विभाग के फायर स्टेशन अधिकारी मिंदर पाल सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही विभाग द्वारा हुए नुकसान का आकलन भी किया जाएगा।
घटना के समय बाजार लगभग बंद हो चुका था, लेकिन आग की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। मीरा मार्ग शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां दिन के समय भारी भीड़ रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग दिन में लगती तो राहत एवं बचाव कार्य और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकता था। वहीं देर रात सूचना न मिलने की स्थिति में आग आसपास की कई दुकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।
मंगलवार का दिन दमकल विभाग के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। शाम को मुखानी क्षेत्र के हीरानगर स्थित केवीएम स्कूल में लगी आग पर काबू पाने के बाद टीम को राहत भी नहीं मिली थी कि मीरा मार्ग स्थित शोरूम में अग्निकांड की सूचना मिल गई। लगातार दो बड़ी घटनाओं के चलते दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
अग्निकांड के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से यूपीसीएल ने क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद कर दी, जिससे आसपास के लोगों को गर्मी के बीच बिजली संकट का सामना करना पड़ा। आग पर आंशिक नियंत्रण मिलने के बाद कुछ लोग दुकान से सामान निकालने का प्रयास करने लगे, लेकिन अचानक आग दोबारा भड़कने पर दमकल कर्मियों ने सभी को सुरक्षित दूरी पर कर दिया। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें देर रात तक मौके पर मौजूद रहीं और स्थिति पर नजर बनाए रखी। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।



























