हल्द्वानी: भाजपा महिला मोर्चा की तेजतर्रार नेता के रूप में उभरीं कल्पना बोरा, मिली पिथौरागढ़ जिले की जिम्मेदारी

Haldwani News: वर्तमान में वह भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखण्ड की प्रदेश प्रवक्ता के रूप में सक्रिय हैं। हाल ही में 20 मई 2026 को उन्हें पुनः पिथौरागढ़ जिले का प्रभारी दायित्व सौंपा गया। हल्द्वानी की रहने वाली भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता कल्पना बोरा आज राजनीति और समाजसेवा के क्षेत्र में एक सशक्त पहचान बन चुकी हैं। संगठनात्मक क्षमता, जनसेवा और महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे उनके कार्य लगातार लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।
सोमेश्वर से लड़ा पहला चुनाव
14 अगस्त 1981 को जन्मीं कल्पना बोरा ने परास्नातक (एम.कॉम) एवं कम्प्यूटर शिक्षा प्राप्त करने के बाद सामाजिक कार्यों से अपने सफर की शुरुआत की। वर्ष 2008 में उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्य सोमेश्वर, जिला अल्मोड़ा के रूप में सक्रिय राजनीति में कदम रखा। इसी दौरान ब्लॉक प्रमुख ताकुला के चुनाव में भाग लेते हुए भाजपा को समर्थन दिया और भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

फिर भाजपा ने बनाया अल्मोड़ा जिला उपाध्यक्ष
उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए वर्ष 2009 में भाजपा अल्मोड़ा ने उन्हें जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने मझखाली मंडल प्रभारी के रूप में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2014 में पार्टी से अधिकृत होकर उन्होंने जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ा। इसके साथ ही उन्होंने नगर निगम हल्द्वानी के मेयर पद के लिए भी दावेदारी की थी।

पीएम कौशल विकास योजना से महिलाओं को जोड़ा
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कल्पना बोरा ने उल्लेखनीय कार्य किए। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना की प्रदेश प्रभारी रहते हुए उन्होंने उत्तराखण्ड के कई जिलों में महिलाओं को प्रशिक्षण योजनाओं से जोड़ने और कौशल विकास केंद्र स्थापित कराने में अहम योगदान दिया।

2016 में बनी भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री
भाजपा महिला मोर्चा ने वर्ष 2016 में उन्हें प्रदेश मंत्री का दायित्व सौंपा। 2016 से 2018 तक उन्होंने नैनीताल जिला प्रभारी के रूप में संगठन को मजबूती दी, जबकि वर्ष 2018 में उन्हें महिला मोर्चा पिथौरागढ़ का प्रभारी बनाया गया। वर्तमान में वह भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखण्ड की प्रदेश प्रवक्ता के रूप में सक्रिय हैं। हाल ही में 20 मई 2026 को उन्हें पुनः पिथौरागढ़ जिले का प्रभारी दायित्व सौंपा गया।

3000 अधिक मरीजों का किया निःशुल्क उपचार
राजनीतिक जीवन के साथ-साथ कल्पना बोरा सामाजिक सरोकारों में भी लगातार अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उनकी संस्था “सवेरा कल्याण समिति” पिछले 16 वर्षों से कुमाऊँ के दूरस्थ इलाकों में निःशुल्क मोतियाबिंद शिविर आयोजित कर रही है। इन शिविरों के माध्यम से अब तक 30 हजार से अधिक नेत्र रोगियों को परामर्श और लगभग 3 हजार मरीजों का निःशुल्क सफल ऑपरेशन कराया जा चुका है।

लोगों तक पहुंचाई सस्ती दवाईयां
इसके अलावा प्रधानमंत्री जन औषधि परियोजना के प्रचार-प्रसार और कुमाऊँ के विभिन्न जिलों में जन औषधि केंद्रों की स्थापना में भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिससे आम लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध हो रही हैं। कल्पना बोरा का मानना है कि राजनीति केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का संकल्प है। यही सोच उन्हें लगातार जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय बनाए हुए है।
























