हल्द्वानी: पीएसपी हॉस्पिटल की पहल, योग सत्र और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

हल्द्वानी। सामाजिक सरोकारों के निर्वहन की दिशा में पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने दो महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया। अस्पताल की ओर से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर काठगोदाम स्थित ‘व्हाइट ऑर्किड’ में विशेष योग सत्र आयोजित किया गया।
योग सत्र में योग गुरु ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा उनके मानसिक और शारीरिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर अस्पताल की ओर से उपस्थित लोगों के लिए निःशुल्क शुगर एवं ब्लड प्रेशर (बीपी) जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
इसके अलावा, आदर्श प्राथमिक विद्यालय, हल्दूचौड़ (रामलीला मैदान) में एक वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन बिष्ट की गरिमामयी उपस्थिति रही, जबकि जग्गी बांगर गांव की ग्राम प्रधान श्रीमती निर्मला जग्गी पवार का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
स्वास्थ्य शिविर में हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. आनंद मिश्रा तथा किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिजीत बुधे ने लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया। इसके साथ ही शुगर और बीपी की निःशुल्क जांच भी की गई।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और बेहतर चिकित्सा सेवाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना है। पीएसपी हॉस्पिटल भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने और प्रत्येक परिवार तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।



























