हल्द्वानी:(बड़ी खबर)- संकल्प कोचिंग सेंटर, प्रदीप एकेडमी, जयश्री कॉलेज हल्द्वानी, तुषार पंत पीएमटी क्लासेस और जीत आईएएस कोचिंग संस्थान सील

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन ने हल्द्वानी के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं का व्यापक ऑडिट किया। निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में फायर विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी) सहित अन्य सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां पाई गईं।
प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल कार्रवाई की। सुरक्षा मानकों का पालन न करने पर पांच कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया। सील किए गए संस्थानों में संकल्प कोचिंग सेंटर, प्रदीप एकेडमी, जयश्री कॉलेज हल्द्वानी, तुषार पंत पीएमटी क्लासेस, जीत आईएएस कोचिंग सेंटर (दुर्गा सिटी) तथा फिजिक्स कोचिंग सेंटर (तृतीय तल, दुर्गा सिटी) शामिल हैं।
वहीं कल्पवृक्ष इंस्टीट्यूट में फायर एनओसी उपलब्ध होने के बावजूद कुछ कमियां पाए जाने पर उन्हें तीन दिन के भीतर आवश्यक सुधार करने का नोटिस जारी किया गया है।
यह निरीक्षण अभियान मुखानी चौराहा, पनचक्की मार्ग एवं दुर्गा सिटी क्षेत्र में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार, फायर ब्रिगेड अधिकारी मिंदर पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाएगी, उनके खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि हल्द्वानी में मेडिकल एवं इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान संचालित हैं, जहां हजारों विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। ऐसे में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।





























