हल्द्वानी : पकड़े गए बनभूलपुरा के दो चोर, तीन एसी आउटर और नकदी बरामद

हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के शनि बाजार रोड स्थित हुसैनी बैंकट हॉल में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए तीन एसी आउटर और 15,600 रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को हुसैनी बैंकट हॉल के संचालक मो. अमान ने थाना बनभूलपुरा में तहरीर देकर बताया था कि बैंकट हॉल के दोनों गल्ले तोड़कर उनमें रखी करीब 80 हजार से एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। इसके अलावा पीछे स्थित मैरिज हॉल से तीन एसी के आउटर भी चोरी किए गए थे।
तहरीर के आधार पर बनभूलपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए 27 सितंबर को गोला बायपास रोड पर हिमालयन स्कूल के सामने पुलिया के नीचे से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौ. तौफीक (25) निवासी इंद्रानगर, बनभूलपुरा और मौ. मुस्तफा (26) निवासी छोटी रोड, बनभूलपुरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ब्लू स्टार कंपनी के तीन इन्वर्टर एसी आउटर और 15,600 रुपये नकद बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना में शामिल अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

















