हल्द्वानी: ससुराल आये दामाद ने ब्लेड से रेता अपना गला, मायके में रह रही थी पत्नी

Haldwani Crime News: हल्द्वानी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां ससुराल आए एक दामाद ने ब्लेड से खुद का ही गला रेत लिया। जिसके बाद ससुराल में हडक़ंप मच गया। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रोगी और नशे का आदी है। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल युवक को एसटीएच में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बनभूलपुरा थाना एसओ नीरज भाकुनी ने बताया कि मलिक का बगीचा बनभूलपुरा निवासी एक युवती का निकाह कुछ समय पहले टांडा बादली निवासी रिजवान पुत्र मोहम्मद उमर के साथ हुआ था। निकाह के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। ऐसे में महिला अपने मायके में आकर रहने लगी। विगत तीन दिन पहले रिजवान टांडा बादली से अपने ससुराल आया।

बताया जा रहा है कि बुधवार को उसे बेस अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया था। गुरुवार को रिजवान ने अपना गला रेत दिया। आनन-फानन उसे परिजनों ने सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस उसकी पत्नी से पूछताछ कर रही है।