हल्द्वानी : छात्रसंघ चुनाव: एबीवीपी प्रत्याशी धीरज बिष्ट बोले, मैं किसी गैंग से नहीं,बल्कि वॉलीबॉल का नेशनल खिलाड़ी हूँ…

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के अधिकृत अध्यक्ष पद प्रत्याशी धीरज बिष्ट ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ पत्रकार वार्ता कर अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों पर सफाई दी।
पत्रकार वार्ता के दौरान कथित ‘आईटीआई गैंग’ से जुड़े होने के सवाल पर धीरज बिष्ट ने स्पष्ट कहा कि उनका किसी भी गैंग से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रसंघ चुनाव के चलते कुछ लोगों द्वारा उनका नाम कथित गैंग से जोड़कर प्रचारित किया जा रहा है, जबकि इसमें कोई सच्चाई नहीं है।
धीरज बिष्ट ने कहा कि वह वॉलीबॉल के नेशनल खिलाड़ी रहे हैं और एबीवीपी ने उन्हें एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता कॉलेज के छात्रों से जुड़े मुद्दे हैं और वह छात्र हितों को लेकर लगातार आवाज उठाते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान उनके खिलाफ गलत बातें प्रचारित की जा रही हैं, लेकिन वह इससे विचलित नहीं होंगे। धीरज ने छात्रों से जुड़े मूलभूत मुद्दों, छात्र समस्याओं और उनके अधिकारों को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि छात्र हित में मजबूती से काम करना ही उनका उद्देश्य है।
पत्रकार वार्ता में एबीवीपी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी संगठन के अधिकृत प्रत्याशी के पक्ष में अपनी बात रखी। छात्रसंघ चुनाव के बीच धीरज बिष्ट की सफाई के बाद कॉलेज परिसर की चुनावी राजनीति और अधिक चर्चा में आ गई है।

















