हल्द्वानी: मोबाइल को लेकर भाई के टोकने से आहत आठवीं की छात्रा ने दी जान, परिवार में मचा कोहराम

बिंदुखत्ता/हल्द्वानी। बिंदुखत्ता के वेस्ट राजीवनगर में एक दुखद घटना सामने आई है। मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर बड़े भाई के टोकने के बाद 14 वर्षीय आठवीं की छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, वेस्ट राजीवनगर निवासी राशि सक्सेना आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम वह मोबाइल फोन इस्तेमाल कर रही थी। इसी दौरान उसके बड़े भाई ने उसे लगातार मोबाइल में व्यस्त रहने को लेकर टोका। इसके बाद मंगलवार रात किशोरी ने घर में फंदा लगा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन उसे आनन-फानन में हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बुधवार सुबह हल्द्वानी की मोर्चरी में शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही थी। किशोरी की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने परिवार और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल पैदा कर दिया है।















