हल्द्वानी: डीएम रयाल पैदल पहुंचे ऑफिस, जनता से की पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने की अपील

Haldwani News: जिले में बढ़ती ईंधन खपत को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने एक प्रेरणादायी पहल करते हुए अपने आवास से कार्यालय तक पैदल पहुंचकर “ईंधन बचाओ अभियान” को आगे बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन से अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन और ईंधन रहित विकल्पों को अपनाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों के आवास कार्यालय के निकट हैं, वे पैदल चलने की आदत अपनाएं। इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
उन्होंने जनपदवासियों एवं विभिन्न सार्वजनिक और निजी प्रतिष्ठानों से अपील करते हुए कहा कि दैनिक कार्यों के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिक उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन अपनाने से ईंधन की खपत कम होगी, प्रदूषण में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहेगी।
डीएम रयाल ने कहा कि छोटी-छोटी व्यक्तिगत पहल मिलकर बड़े बदलाव का आधार बन सकती हैं और ईंधन संरक्षण राष्ट्रहित में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

























