हल्द्वानी: कच्ची शराब तस्करी पर आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, तीन तस्कर गिरफ्तार

हल्द्वानी। आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कच्ची शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान गौलागेट और शांतिपुरी-बिंदुखत्ता क्षेत्र से कुल 360 पाउच कच्ची शराब बरामद की गई।
आबकारी विभाग की अपराध निरोधक क्षेत्र हल्द्वानी, जनपदीय एवं मंडलीय प्रवर्तन दल तथा कुमाऊं दल की संयुक्त टीम ने बुधवार तड़के मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी की।
जानकारी के अनुसार, प्रातः करीब 4:20 बजे गौलागेट के पास बाइक संख्या UK-06-V-6890 पर जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया। आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम गुरप्रीत सिंह पुत्र अमरजीत सिंह बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 150 पाउच कच्ची शराब (प्रत्येक 300 एमएल) बरामद हुई।
इसके बाद सुबह 5:15 बजे शांतिपुरी, बिंदुखत्ता क्षेत्र में एक अन्य संदिग्ध व्यक्ति बब्बू मान सिंह पुत्र अमर सिंह को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 140 पाउच कच्ची शराब बरामद की गई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि शराब बिंदुखत्ता निवासी लखवीर सिंह पुत्र सुरजीत सिंह द्वारा बेची जाती है। सूचना पर आबकारी टीम ने उसके घर दबिश दी, जहां से 72 पाउच कच्ची शराब बरामद हुई।
संयुक्त अभियान में कुल 360 पाउच अवैध कच्ची शराब जब्त की गई। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 एवं 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
अभियान में सहायक आबकारी आयुक्त हरीश जोशी, आबकारी निरीक्षक धीरेन्द्र सिंह बिष्ट, उप आबकारी निरीक्षक कैलाश चन्द्र जोशी, संजय कुमार, प्रधान आबकारी सिपाही चंद्रशेखर काण्डपाल, हेम पांडे, आबकारी निरीक्षक प्रताप राम, खुशाल सिंह और महेश लोहनी शामिल रहे।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

























