देहरादून : पिथौरागढ़ में भाजपा को लगा झटका, पूर्व भाजपा नेता धीरज चंद्रा साथियों सहित कांग्रेस में शामिल

देहरादून पिथौरागढ़ से पूर्व भाजपा नेता धीरज चंद्रा ने अपने कई साथियों के साथ भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस में शामिल होने के बाद धीरज चंद्रा ने देहरादून स्थित डॉ. हरक सिंह रावत के कार्यालय पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा संगठन को मजबूत करने से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
डॉ. हरक सिंह रावत ने धीरज चंद्रा एवं उनके साथ कांग्रेस परिवार में शामिल हुए सभी साथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि कांग्रेस एक ऐसा राजनीतिक संगठन है, जो हमेशा आम जनता, युवाओं, किसानों, महिलाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों की आवाज को मजबूती से उठाता रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों से जुड़ रहे हैं। ऐसे में अनुभवी एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं का कांग्रेस परिवार में शामिल होना संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि धीरज चंद्रा एवं उनके सभी साथी अपने अनुभव, ऊर्जा और जनसेवा की भावना के साथ कांग्रेस संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे तथा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
डॉ. रावत ने कहा कि उत्तराखंड की जनता प्रदेश के विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर है। इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभानी होगी और जनहित की आवाज को मजबूती से आगे बढ़ाना होगा। इस अवसर पर कांग्रेस में शामिल हुए धीरज चंद्रा ने कहा कि वे अपने साथियों के साथ कांग्रेस की विचारधारा और संगठन के साथ मिलकर जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करेंगे। इस अवसर पर हल्द्वानी से कांग्रेस के ऊर्जावान एवं सक्रिय कार्यकर्ता मनोज भट्ट भी उपस्थित रहे।

















