रामनगर में पुलिस की मुठभेड़, फायरिंग में बदमाश को लगी गोली

रामनगर। कोतवाली रामनगर में दर्ज एक मुकदमे में वांछित चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी चंदन सागर पुत्र स्व. छत्रपाल सिंह, निवासी शिवलालपुर लूटाबड़, रामनगर के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय रामनगर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली रामनगर में 11 अगस्त 2026 को एफआईआर संख्या 252/2026 के तहत धारा 109(1), 190(3) और 351 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश और दबिश दे रही थी।
15 अगस्त को पुलिस टीम वांछित आरोपियों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित चंदन सागर अपने घर पर मौजूद है। पुलिस टीम गिरफ्तारी के लिए मौके पर पहुंची तो पुलिस की भनक लगते ही आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गया। पुलिस ने उसका पीछा शुरू कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, हाथीडगर स्थित फॉरेस्ट चौकी के पास आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर एक राउंड फायर किया और मालधन की ओर भाग निकला। घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया।
संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपी को 64 नंबर गेट से मालधन जाने वाली सड़क के जंगल क्षेत्र में घेर लिया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर दोबारा दो राउंड फायर किए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई।
गोली लगने के बाद आरोपी पेड़ के नीचे गिर गया। पुलिस टीम ने तत्काल उसे सरकारी वाहन से संयुक्त चिकित्सालय रामनगर पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से बरामद हथियार और घटना में प्रयुक्त अन्य सामग्री के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।























