भीमताल में हरेला मेले का शुभारंभ, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया पौधरोपण

भीमताल। भीमताल के रामलीला मैदान में आयोजित पारंपरिक हरेला मेले का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने हरेला पर्व की सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल का हरेला मेला पूर्वजों के समय से चली आ रही एक समृद्ध परंपरा है, जिसका धार्मिक, सांस्कृतिक और पौराणिक महत्व है। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
उन्होंने लोगों से हरेला पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी क्रम में उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर लोगों से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल का हरेला मेला समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस ऐतिहासिक मेले को और अधिक भव्य एवं व्यापक स्वरूप देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति, परंपराओं और विरासत का संरक्षण करना हम सभी का दायित्व है और इस दिशा में निरंतर कार्य करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सीमा टम्टा, जिला मंत्री मनोज भट्ट, मंडल अध्यक्ष कमल जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।






























