सोमेश्वर: 12वी में बबली बनी टॉपर, इंटर कॉलेज सलोंज में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

सोमेश्वर। इंटर कॉलेज सलोंज झुपुलचौरा में आज इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को विद्यालय में आमंत्रित कर उनका मुंह मीठा कराया गया तथा सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस वर्ष इंटरमीडिएट परीक्षा में विद्यालय के कुल 51 विद्यार्थी सम्मिलित हुए थे, जिनमें से 42 छात्र-छात्राएं सफल रहे। परीक्षा परिणाम में बबली भंडारी ने 500 में से 417 अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। रिया नेगी ने 411 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि ललिता नेगी और विनय रावत ने संयुक्त रूप से 390 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुनील कुमार चौधरी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर कार्यक्रम में गिरीश आगरी, नवीन चंद, शंकर भैसोड़ा, ललित तिवारी, मीता खन्ना, गीता आर्या, नसरीन, अंजू राणा, प्रगति रौतेला, काजल भोज, भगवती गोस्वामी, शबाना परवीन, बेनी प्रसाद, गौरव कुमार, कैलाश नाथ, सतीश कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।























