टनकपुर की अंजली चंद बनीं सहायक नगर आयुक्त, उत्तराखंड पीसीएस-2024 में पाई सफलता

Champwat News: टनकपुर की प्रतिभाशाली बेटी अंजली चंद ने उत्तराखंड पीसीएस-2024 परीक्षा में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वर्तमान में अंजली अल्मोड़ा के लमगड़ा में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के पद पर कार्यरत हैं। उनका चयन सहायक नगर आयुक्त पद पर हुआ है।
सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयासों के बल पर अंजली ने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बनी हुई है। अंजली की इस उपलब्धि से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को भी नई प्रेरणा मिली है।
अंजली चंद ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग, सकारात्मक सोच और नियमित अध्ययन को दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और सही दिशा में प्रयास बेहद आवश्यक हैं। साथ ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को नियमित रिवीजन करने तथा समसामयिक घटनाओं की जानकारी से लगातार अपडेट रहने की सलाह दी।
अंजली चंद की इस शानदार सफलता पर क्षेत्रवासियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


























