कोटाबाग: जन-जन की सरकार अभियान के तहत स्यात कोटाबाग में लगा निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर

कोटाबाग। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा अभियान के अंतर्गत 29 जनवरी को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, स्यात कोटाबाग में एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के अंतर्गत जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, नैनीताल के निर्देशानुसार राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय डोला रियाड द्वारा निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर लगाया गया।
शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कुल 52 लाभार्थियों ने शिविर का लाभ लिया। इस दौरान 13 मरीजों में उच्च रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) तथा 4 मरीजों में मधुमेह (शुगर) की जांच एवं परामर्श किया गया। रोगियों को आयुर्वेदिक औषधियां निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
शिविर में तैनात चिकित्सकीय टीम में चिकित्साधिकारी डॉ. नीतू कार्की, फार्मेसी अधिकारी भीम राज पुरी एवं सेवक बृजमोहन नैनवाल शामिल रहे। चिकित्सकों द्वारा रोगियों की व्यक्तिगत जांच कर आयुर्वेदिक उपचार एवं जीवनशैली सुधार संबंधी सुझाव दिए गए।
इसके साथ ही शिविर में उपस्थित लोगों को आयुष विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ग्राम स्तर पर निःशुल्क आयुर्वेदिक जागरूकता शिविर, आयुर्वेद चिकित्सा, पंचकर्म, अग्निकर्म, क्षारसूत्र उपचार, दैनिक योग कक्षाएं, आयुष ग्राम योजना, औषधीय पौधों का वितरण, हर्बल गार्डन, वेलनेस सेंटर तथा औषधीय खेती पर अनुदान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की और कहा कि आयुर्वेद न केवल रोग उपचार, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम है। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों में आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।




























