हल्द्वानी : विज्डम पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

हल्द्वानी। विज्डम पब्लिक स्कूल में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्रभात फेरी निकालकर देश के वीर सपूतों को नमन किया। साथ ही बजवालपुर गांव स्थित हाट कालिका मंदिर में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता एवं नशा मुक्ति का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय निदेशक राजेंद्र सिंह पोखरिया ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद प्रधानाचार्य त्रिवेणी चंद्र कबडवाल ने ध्वजारोहण किया। विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस की भावना को जीवंत किया।
समारोह में देशभक्ति गीतों पर इंटर हाउस नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें ग्रीन हाउस ने प्रथम तथा यलो हाउस ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने पंजाबी, राजस्थानी, उड़िया, कश्मीरी और असमिया संस्कृतियों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर ‘एकता में अनेकता’ की खूबसूरत मिसाल पेश की।
देशभक्ति पर आधारित नाटक ‘कैसे मिली आजादी’ ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष और बलिदानों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए यह संदेश दिया कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग और संघर्ष का परिणाम है। वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने फैंसी ड्रेस के माध्यम से विभिन्न महापुरुषों का रूप धारण कर उन्हें याद किया।
विद्यालय निदेशक राजेंद्र सिंह पोखरिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सद्मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने, नशे से दूर रहने और स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी यदि अनुशासन, स्वच्छता और संस्कारों के साथ आगे बढ़ेगी तो देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि आजादी को सुरक्षित और मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया। प्रतियोगिताओं में विजेता रहे हाउस को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम प्रभारी अध्यापिका प्रभा रजवार के साथ सुधा सिंह, अरुण सिंह और पूजा खोलिया सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।























