हल्द्वानी : ग्रीनवुड ग्लोबल स्कूल में जोश और देशभक्ति के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

हल्द्वानी। ग्रीनवुड ग्लोबल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त की।

समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा 4-बी की छात्रा उन्नति तिवारी ने हिंदी में तथा कक्षा 6-ए के छात्र प्रयुष पटेल ने अंग्रेजी में स्वतंत्रता दिवस पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। वहीं, कक्षा 9 के छात्र गर्वित दरमवाल ने कुमाऊंनी भाषा में संबोधन देकर सभी का दिल जीत लिया।
कक्षा 5 के विद्यार्थियों ने आकर्षक पॉम-पॉम ड्रिल प्रस्तुत कर समारोह में ऊर्जा और उत्साह भर दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने समूह गीत प्रस्तुत किया। कक्षा 6-ए की छात्रा मनविका पवार ने देशभक्ति से ओतप्रोत हिंदी कविता प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया। लक्ष्मण कोश्यारी और मधुसुदन ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा से पालन करने का संदेश दिया।
पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रप्रेम का माहौल बना रहा। समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और देश के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।























