हल्द्वानी: बेअसर रही मोदी की रैली, हल्द्वानी के लोगों को मिला झुनझुना…

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष डिंपल पांडे ने प्रधनमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 30 दिसम्बर को हल्द्वानी रैली में महानगर के लिए की गयी दो हजार करोड़ के विकास कार्यों की घोषणा पर निशाना साधा है। जारी बयान में सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधनमंत्री नरेन्द्र मोदी हल्द्वानीवासियों को झुनझुना थमाकर गए हैं। पुरानी योजनाओं को नए कलेवर में पेश करने में माहिर प्रधनमंत्री ने महानगर की जनता से झूठ बोला है। हल्द्वानी को रिंग रोड की जरूरत थी, जिसपर प्रधानमंत्री ने एक शब्द नहीं बोला। चिड़ियाघर, अंतर्राष्ट्रीय बस अड्डे को लेकर अपनी राज्य सरकार की नाकामी पर वे कुछ नहीं बोले। जल जीवन मिशन, अमृत योजना के तहत महानगर में पहले से ही काम हो रहे हैं जिसपर पीएम ने दो हजार करोड़ का मुलम्मा चढ़ा दिया।

डिंपल पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री के पास अपनी केन्द्र सरकार और अपनी पार्टी की राज्य में सरकार की उपलब्धि गिनाने के लिए कोई कार्य नहीं था। पीएम को देश चलाते साढ़े सात साल हो गए, राज्य सरकार को साढ़े चार साल बाद योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण की सूझ रही है। जो काम चुनाव से पहले होने थे सिर्फ उनकी घोषणा अब चुनाव से ठीक पहले की जा रही है। उन्होने कहा कि प्रधनमंत्री ने जिस लखवाड़ परियोजना का जिक्र करते हुए उसमें चार दशक के विलंब की बात कही उसका शिलान्यास 1978 में तत्कालीन यूपी सरकार के मुख्यमंत्री कर चुके हैं। प्रधनमंत्री को यह बताना चाहिए था कि उन्होने 2014 में सत्ता में आने से पहले देशवासियों से जो वादे किए थे उनका क्या हुआ। मसलन 2 करोड़ युवाओं को हर साल नौकरी देंगे, भ्रष्टाचार और कालेधन पर नकेल कसी जाएगी।

डिंपल पांडे ने कहा कि जो महंगाई पहले की सरकारों में प्रधानमंत्री को डायन लगती थी वह अब देश की प्रगति का स्रोत लगने लगी है। पेट्रोल-डीजल, घरेलू गैस के दाम आसमान छू रहे हैं।

पहाड़ प्रभात डैस्क

समाजशास्त्र में मास्टर की डिग्री के साथ (MAJMC) पत्रकारिता और जनसंचार में मास्टर की डिग्री। पत्रकारिता में 15 वर्ष का अनुभव। अमर उजाला, वसुन्धरादीप सांध्य दैनिक में सेवाएं दीं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में समान रूप से पकड़। राजनीतिक और सांस्कृतिक के साथ खोजी खबरों में खास दिलचस्‍पी। पाठकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाना उनकी लेखनी की खासियत है। अपने लंबे करियर में उन्होंने ट्रेंडिंग कंटेंट को वायरल बनाने के साथ-साथ राजनीति और उत्तराखंड की संस्कृति पर लिखने में विशेषज्ञता हासिल की है। वह सिर्फ एक कंटेंट क्रिएटर ही नहीं, बल्कि एक ऐसे शख्स हैं जो हमेशा कुछ नया सीखने और ख़ुद को बेहतर बनाने के लिए तत्पर रहते हैं। देश के कई प्रसिद्ध मैगजीनों में कविताएं और कहानियां लिखने के साथ ही वह कुमांऊनी गीतकार भी हैं अभी तक उनके लिखे गीतों को कुमांऊ के कई लोकगायक अपनी आवाज दे चुके है। फुर्सत के समय में उन्हें संगीत सुनना, किताबें पढ़ना और फोटोग्राफी पसंद है। वर्तमान में पहाड़ प्रभात डॉट कॉम न्यूज पोर्टल और पहाड़ प्रभात समाचार पत्र के एडिटर इन चीफ है।