हल्द्वानीः पाथफाइंडर बोर्डिंग स्कूल में सोमेन देबनाथ की उपस्थिति में वृक्षारोपण अभियान

Haldwani News: महात्मा गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर पाथफाइंडर बोर्डिंग स्कूल, विदरामपुर, नैनीताल में पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता को समर्पित विशेष “One Tree, One Life” वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर एवं हेड ऑफ द इंस्टीट्यूशन डॉ. दीपक मनचंदा, हेडमिस्ट्रेस निशी मनचंदा, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अभिभावकों ने सक्रिय सहभागिता की। अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ मिलकर वृक्षारोपण में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के इस महत्वपूर्ण संदेश को सामूहिक रूप से आगे बढ़ाया। सभी ने मिलकर पौधारोपण करते हुए प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया।

कार्यक्रम के विशेष अतिथि प्रसिद्ध ग्लोबल साइकिलिस्ट एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोमेन देबनाथ रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए अपनी 191 देशों एवं सातों महाद्वीपों की 19 वर्ष लंबी साइकिल यात्रा के अनुभव साझा किए और उन्हें पर्यावरण संरक्षण, अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित किया।
देबनाथ वर्तमान में “Reunion Bharat – One Tree, One Life, Indian Youth and Sports” अभियान के अंतर्गत भारत की साइकिल यात्रा पर हैं, जिसके माध्यम से वे पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रीय एकता, युवा सशक्तिकरण एवं खेलों का संदेश दे रहे हैं।
पाथफाइंडर बोर्डिंग स्कूल द्वारा आयोजित यह पहल विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें प्रकृति, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करने का एक सार्थक प्रयास रही। कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट था एक वृक्ष केवल प्रकृति के लिए योगदान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर भविष्य की नींव है।















