हल्द्वानी : सीआरपीएफ जवानों के साथ मनाया रक्षा बंधन, इम्पीरियम की छात्राओं ने बांधी राखी

हल्द्वानी। इम्पीरियम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रक्षा बंधन के पावन अवसर पर कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने सीआरपीएफ के वीर जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व भावपूर्ण तरीके से मनाया। इस दौरान विद्यार्थियों ने जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त की।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश की सुरक्षा में सदैव तत्पर रहने वाले वीर जवानों के त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से परिचित कराना तथा उनके प्रति सम्मान की भावना विकसित करना रहा। विद्यार्थियों ने स्वयं तैयार की गई सुंदर राखियां जवानों की कलाई पर बांधीं और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कहा कि रक्षा बंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि देश की रक्षा में जुटे वीर जवानों के प्रति सम्मान और विश्वास व्यक्त करने का भी अवसर है। सीआरपीएफ जवानों ने विद्यार्थियों के इस स्नेहपूर्ण प्रयास की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के प्रबंधक करणवीर सिंह गंगोला एवं प्रधानाचार्या राधा ऐठानी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति, संवेदनशीलता, सम्मान, सेवा-भाव और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे मूल्यों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए समर्पित वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है।
रक्षाबंधन का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए केवल एक उत्सव नहीं रहा, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर जवानों के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का भावपूर्ण अवसर बन गया।
























