हल्द्वानी:(बड़ी खबर )-रामपुर रोड पर दर्दनाक हादसा, डंपर ने पूर्व सैनिक को कुचला

हल्द्वानी। शहर के रामपुर रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के पूर्व जवान की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने राह चलते पूर्व सैनिक शमशेर सिंह रौतेला, निवासी हल्दूचौड़, को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल शमशेर सिंह रौतेला को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद पुलिस ने फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
गौरतलब है कि दो दिनों के भीतर सड़क हादसे में जान गंवाने वाले शमशेर सिंह रौतेला दूसरे पूर्व सैनिक हैं। इससे एक दिन पहले गुरुवार को हल्दूचौड़ में सड़क पार करते समय पूर्व सैनिक हरीश चंदोला की भी वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
लगातार हो रहे सड़क हादसों से क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रामपुर रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को सख्ती से लागू करने की मांग की।





























