हल्द्वानी: ग्रीनवूड्स ग्लोबल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन

Haldwani News: हल्द्वानी स्थित ग्रीनवूड्स ग्लोबल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अलंकरण समारोह (इन्वेस्टिचर सेरेमनी) का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हल्द्वानी साइबर सेल से सब इंस्पेक्टर श्रीमती मीनू गौतम ने शिरकत की। समारोह का शुभारंभ विधिवत रूप से किया गया, जिसके बाद विद्यालय के नव-निर्वाचित कप्तान, उपकप्तान एवं चारों सदनों के कप्तानों को उनके पद की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों को पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण आकर्षक मार्च-पास्ट रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों का मन मोह लिया। मार्च-पास्ट के दौरान छात्रों का तालमेल, अनुशासन और आत्मविश्वास देखने लायक था।


मुख्य अतिथि मीनू गौतम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग और समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने से नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाने से सिद्ध होता है। साथ ही उन्होंने साइबर सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक हिम्मत सिंह भैंसोड़ा, प्रधानाचार्या ज्योति मेहता, ज्योति भंडारी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। सभी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नेतृत्व की इस नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।





















