हल्द्वानी में सड़क पर बेल्ट लहराकर दबंगई दिखाना पड़ा भारी, वायरल वीडियो के बाद 4 गिरफ्तार

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। दो नहरिया रोड पर सरेआम हुड़दंग करते हुए राहगीरों को बेल्ट लहराकर डराने वाले युवकों के वायरल वीडियो का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लिया। एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया, जबकि दो नाबालिगों को संरक्षण में लेकर काउंसलिंग के बाद परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलों को भी सीज कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, 14 अगस्त 2026 की शाम दो नहरिया रोड, हल्द्वानी में दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवक सरेआम हुड़दंग कर रहे थे। युवकों द्वारा हाथों में बेल्ट लहराकर राहगीरों और आमजन को भयभीत करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता को विशेष टीम गठित कर युवकों की पहचान और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से वीडियो में शामिल युवकों की पहचान की। कार्रवाई के दौरान चार युवकों को गिरफ्तार किया गया तथा जांच में दो नाबालिगों को संरक्षण में लिया गया। नाबालिगों की काउंसलिंग कर उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी : बुजुर्ग से झपटमारी का 24 घंटे में खुलासा, एक लाख की अंगूठी बरामद

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवकों की पहचान सीतेश आर्य (25), गोपाल आर्य (30), कुणाल बिष्ट (22) और विशाल कुमार (27) निवासी दमुवाढूंगा क्षेत्र के रूप में हुई है। इनमें सीतेश आर्य के शराब के नशे में पाए जाने पर शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। अन्य युवकों के विरुद्ध भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने मौके से संबंधित दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स/प्लैटिना मोटरसाइकिल थी, जिसके वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। वहीं दूसरी मोटरसाइकिल रॉयल एनफील्ड संख्या UK04AS-4102 को भी नियमानुसार सीज किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखण्ड: लखपति दीदी का आंकड़ा 3 लाख पार, महिला सशक्तिकरण की दिशा में देवभूमि ने रचा नया इतिहास

आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: SSP

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश दिया कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता, गुंडागर्दी, राहगीरों को भयभीत करने अथवा कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे किसी भी वीडियो, जिसमें सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होती दिखाई दे, का पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों में कड़ा संदेश गया है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

पहाड़ प्रभात डैस्क

समाजशास्त्र में मास्टर की डिग्री के साथ (MAJMC) पत्रकारिता और जनसंचार में मास्टर की डिग्री। पत्रकारिता में 15 वर्ष का अनुभव। अमर उजाला, वसुन्धरादीप सांध्य दैनिक में सेवाएं दीं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में समान रूप से पकड़। राजनीतिक और सांस्कृतिक के साथ खोजी खबरों में खास दिलचस्‍पी। पाठकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाना उनकी लेखनी की खासियत है। अपने लंबे करियर में उन्होंने ट्रेंडिंग कंटेंट को वायरल बनाने के साथ-साथ राजनीति और उत्तराखंड की संस्कृति पर लिखने में विशेषज्ञता हासिल की है। वह सिर्फ एक कंटेंट क्रिएटर ही नहीं, बल्कि एक ऐसे शख्स हैं जो हमेशा कुछ नया सीखने और ख़ुद को बेहतर बनाने के लिए तत्पर रहते हैं। देश के कई प्रसिद्ध मैगजीनों में कविताएं और कहानियां लिखने के साथ ही वह कुमांऊनी गीतकार भी हैं अभी तक उनके लिखे गीतों को कुमांऊ के कई लोकगायक अपनी आवाज दे चुके है। फुर्सत के समय में उन्हें संगीत सुनना, किताबें पढ़ना और फोटोग्राफी पसंद है। वर्तमान में पहाड़ प्रभात डॉट कॉम न्यूज पोर्टल और पहाड़ प्रभात समाचार पत्र के एडिटर इन चीफ है।