Uttrakhand News: मंडप में पहुंची पहली पत्नी, दूसरी शादी के बाद मचा बवाल

News Update: दिनेशपुर में सोमवार को एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब युवक की पहली पत्नी पुलिस के साथ सीधे विवाह मंडप में पहुंच गई। आरोप था कि युवक बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर रहा है। हालांकि तब तक सात फेरे पूरे हो चुके थे और शादी संपन्न हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, माजरा हसन गदरपुर निवासी एक महिला सोमवार को थाने पहुंची और अपने पति पर बिना तलाक लिए दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए विवाह रुकवाने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई सोनिका जोशी पुलिस टीम और पीड़िता को साथ लेकर मदनापुर गांव पहुंचीं।

मगर जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक दूल्हा-दुल्हन सात फेरे लेकर एक-दूसरे के हो चुके थे। मंडप में पुलिस और पहली पत्नी को देखकर शादी में मौजूद लोगों के बीच खलबली मच गई और दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
युवक पक्ष का कहना था कि पंचायत में समझौते के बाद दोनों पिछले छह साल से अलग-अलग रह रहे हैं और रजामंदी से जीवन बिता रहे हैं। वहीं, पहली पत्नी ने बिना तलाक दूसरी शादी को गैरकानूनी बताया। पुलिस ने मौके पर युवक और उसके परिजनों को बिना तलाक दूसरी शादी को अवैध बताया। बाद में पीड़िता को आरोपी पति के खिलाफ न्यायालय में जाने की सलाह देकर मामला कानूनी प्रक्रिया के लिए छोड़ दिया गया।



























