हल्द्वानी: ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में राष्ट्रीय हैकथॉन “वॉच द कोड” शुरू, युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह

हल्द्वानी, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी (GEHU), हल्द्वानी परिसर में टेक गीक क्लब के तत्वावधान में आयोजित 24 घंटे के राष्ट्रीय हैकथॉन “वॉच द कोड” का आज भव्य शुभारंभ हुआ। इस तकनीकी आयोजन में देशभर से आए छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में एरीज (ARIES) के निदेशक डॉ. मनीष नाजा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि एरीज के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मोहित जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. मनीष नाजा ने कहा कि आज के दौर में डेटा और कोडिंग नवाचार की आधारशिला बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के हैकथॉन युवाओं को तकनीकी दक्षता के साथ-साथ समस्याओं के समाधान हेतु वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित करते हैं।

विशिष्ट अतिथि डॉ. मोहित जोशी ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए आधुनिक तकनीक और शोध के महत्व पर प्रकाश डाला। विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. एम.सी. लोहानी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि एरीज जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के वैज्ञानिकों की उपस्थिति छात्रों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य छात्रों को उद्योग और शोध जगत से जोड़ना है, और “वॉच द कोड” इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस हैकथॉन में देश के 25 से अधिक प्रमुख विश्वविद्यालयों और संस्थानों के छात्र भाग ले रहे हैं, जो 24 घंटे तक लगातार कोडिंग के माध्यम से विभिन्न समस्याओं के समाधान विकसित करेंगे। प्रतियोगिता को रोमांचक बनाने के लिए विजेताओं हेतु ₹1 लाख की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इसके साथ ही प्रतिभागियों को एडवांस्ड कोर्स सब्सक्रिप्शन और फ्री डोमेन होस्टिंग जैसे तकनीकी लाभ भी दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए उद्योग जगत के विशेषज्ञों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया है। वहीं, अनुभवी मेंटर्स की टीम प्रतिभागियों का मार्गदर्शन कर रही है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीषा कोरंगा और कमलेश पलड़िया द्वारा किया जा रहा है, जबकि आयोजन को सफल बनाने में छात्र प्रबंधन टीम की अहम भूमिका रही। यह 24 घंटे का हैकथॉन 19 अप्रैल को अपने समापन के साथ विजेताओं की घोषणा के साथ संपन्न होगा।

























