हल्द्वानी: छात्र संघ के अवैध पोस्टर हटाए, प्रत्याशियों को दी चेतावनी

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में शहर में सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति लगाए जा रहे पोस्टर, बैनर एवं प्रचार सामग्री के खिलाफ अभियान जारी है।12 सितंबर को एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने विभिन्न सार्वजनिक स्थलों एवं मार्गों का निरीक्षण किया।
इस दौरान विद्युत पोल, दीवारों और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों पर बिना अनुमति लगाए गए छात्र संघ चुनाव से संबंधित पोस्टर एवं प्रचार सामग्री को हटाया गया। टीम ने संबंधित स्थानों की सफाई भी कराई।
संयुक्त टीम ने छात्र संघ चुनाव के प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति पोस्टर, बैनर अथवा अन्य प्रचार सामग्री नहीं लगाने की सख्त हिदायत दी। पुलिस एवं नगर निगम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक संपत्तियों को पोस्टर-बैनर से विरूपित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से पोस्टर-बैनर न लगाएं और शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।























