हल्द्वानी: (बड़ी खबर)-विधायक सुमित हृदयेश की शिकायत पर बोले एसएसपी, तहरीर में थे इनके नाम

हल्द्वानी। कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश की ओर से फोन टैपिंग और सुरक्षा संबंधी आशंकाओं को लेकर उठाए गए मुद्दे पर नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने पुलिस का पक्ष रखा है। एसएसपी के अनुसार, विधायक ने विकास बिष्ट और आशीष कुंथल के नाम का उल्लेख करते हुए शिकायत दी थी। मामले की जांच वर्ष 2025 में स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) के माध्यम से कराई गई थी, लेकिन पुलिस जांच में कोई ठोस सबूत सामने नहीं आए।
एसएसपी ने बताया कि विकास बिष्ट विधायक के सोशल मीडिया का काम देखता था। विधायक ने अपने मोबाइल फोन की जांच उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित एक कंपनी से भी कराई थी। पुलिस अब इस मामले में विधायक सुमित हृदयेश से दोबारा बातचीत करेगी, ताकि उनकी आशंकाओं और उपलब्ध तथ्यों को समझा जा सके।
एसएसपी के मुताबिक, इस संबंध में एलआईयू, पुलिस और एसओजी की टीम विधायक से बातचीत करेगी। यदि विधायक की ओर से कोई नई शिकायत या ठोस सबूत उपलब्ध कराए जाते हैं, तो उनकी जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में किसी की संलिप्तता सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

















