उत्तराखंड में मौसम का कहर: तेज आंधी, ओलावृष्टि और बर्फबारी का अलर्ट जारी, यमुनोत्री धाम में बर्फबारी

Weather News: उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सुबह से हो रही बारिश ने जहां ठंडक बढ़ा दी है, वहीं पहाड़ से लेकर मैदान तक बदले मौसम ने लोगों को चौंका दिया है।
बारिश और ठंडी हवाओं से गिरा तापमान
प्रदेशभर में सुबह से रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के चलते तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र ने आज 8 अप्रैल के लिए देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी
तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसी क्रम में यमुनोत्री धाम में बर्फबारी का सिलसिला जारी है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले स्थानों और ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है। पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश, बादल और ठंडी हवाएं बनी रहेंगी, जिससे प्रदेश में ठंडक का असर जारी रहने की संभावना है।





















