उत्तराखंड: पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार, मैदानी इलाकों में कोहरे का येलो अलर्ट

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मंगलवार को मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे के कारण शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार छह जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। विशेष रूप से 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना अधिक बताई गई है, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
वहीं दूसरी ओर मैदानी इलाकों में ठंड का असर और तेज होने की संभावना है। देहरादून सहित हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिलों के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने और पाला गिरने को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे और कम धूप के कारण दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे शीत दिवस जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से सावधानी बरतने का आग्रह किया गया है।



















