हल्द्वानी: गैस, पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें: डीएम

हल्द्वानी। जनपद में गैस, पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति को लेकर उठ रही आशंकाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य होने का भरोसा दिलाया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस और ऑयल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई चेन सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी सहित सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गैस, पेट्रोल और डीजल के स्टॉक की नियमित निगरानी और जांच सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि जनपद की तीनों प्रमुख गैस एजेंसियां—भारत, एचपी और इंडेन—में पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है और प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर गैस एजेंसियों के गोदामों पर भीड़ न लगाएं। सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि पहले से बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर पहुंचाया जाए। लोगों से ऑनलाइन बुकिंग कराने की भी अपील की गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले सप्ताह जहां गैस का बैकलॉग लगभग 40 हजार था, वहीं अब यह घटकर 25 हजार रह गया है और स्थिति लगातार सामान्य हो रही है।
पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर भी उन्होंने कहा कि जनपद में किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि वे आवश्यकता से अधिक ईंधन का भंडारण न करें, क्योंकि ज्वलनशील पदार्थों का अधिक मात्रा में संग्रह गंभीर दुर्घटनाओं को जन्म दे सकता है।
जिला प्रशासन ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह की घबराहट या अफवाह फैलाने की आवश्यकता नहीं है।


















