भीमताल :(दुखद)- धारी के पास दुदुली में खाई में गिरी मैक्स, दो लोगों की मौत, 4 घायल

हल्द्वानी। धारी ब्लॉक क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 27-04-2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दूदूली के पास एक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही थाना मुक्तेश्वर से प्रभारी थानाध्यक्ष एसआई हरिराम पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, मैक्स वाहन संख्या UK04TA1446 हल्द्वानी से दूदूली की ओर जा रहा था। वाहन में कुल 6 लोग सवार थे। दूदूली के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पदमपुरी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।
लता देवी (40) पत्नी दिनेश चंद्र, निवासी ग्राम दूदूली
हरीश चंद्र बेलवाल (35) पुत्र भैरव दत्त बेलवाल, निवासी ग्राम दूदूली की मौत हो गई। जबकि दिनेश चंद्र (48) पुत्र त्रिलोक चंद्र शर्मा, कमल शर्मा (23) वाहन चालक, पुत्र विपिन चंद्र शर्मा, नेहा बेलवाल (17) पुत्री हरीश चंद्र बेलवाल, सुभाष बेलवाल (13) पुत्र हरीश चंद्र बेलवाल घायल हो गए।
पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और ओवरलोडिंग से बचें। आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है।























