हल्द्वानी:आधुनिक सुविधाओं से तैयार हुआ पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, दो दिन फ्री ओपीडी

हल्द्वानी। पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अस्पताल प्रबंधन ने संस्थान की आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं एवं आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। बताया गया कि यह अस्पताल कुमाऊँ क्षेत्र का सबसे अत्याधुनिक 250 बेड वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल है, जो उन्नत चिकित्सा सुविधाओं से पूर्णतः सुसज्जित है।
अस्पताल के चेयरमैन जगदीश पिमोली ने कहा कि संस्थान की स्थापना का मुख्य उद्देश्य कुमाऊँ क्षेत्र के मरीजों को अपने ही शहर में उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बड़े महानगरों का रुख न करना पड़े। उन्होंने बताया कि अस्पताल में सभी प्रमुख जांच एवं उपचार की सुविधाएँ एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं। साथ ही शीघ्र ही ब्लड बैंक की सुविधा भी शुरू की जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को सभी मरीजों के लिए निःशुल्क ओपीडी की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त एमआरआई, कार्डियक सीटी, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड सहित अन्य प्रमुख जांचों पर विशेष छूट प्रदान की जा रही है, जिससे अधिक से अधिक मरीज लाभान्वित हो सकें।
विश्वविख्यात ब्रैकियल प्लेक्सस सर्जन डॉ. पी. एस. भंडारी ने बताया कि पीएसपी हॉस्पिटल, हल्द्वानी में ब्रैकियल प्लेक्सस के विश्वस्तरीय उपचार की उन्नत सुविधा उपलब्ध है। यहां दुर्घटना के कारण नसों में आई चोट, हाथों की नसों की क्षति तथा जन्मजात नसों की कमजोरी जैसी जटिल समस्याओं का सफल उपचार किया जाता है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी मरीज उपचार के लिए यहां पहुंच रहे हैं।
प्रेस वार्ता में चेयरमैन जगदीश पिमोली, डायरेक्टर प्रेम पिमोली, ब्रैकियल प्लेक्सस सर्जरी सेंटर के चेयरमैन डॉ. पी. एस. भंडारी सहित अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, कर्मचारी एवं क्षेत्र के पत्रकार उपस्थित रहे।
पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल कुमाऊँ क्षेत्र में उन्नत, सुलभ और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।



























