हल्द्वानी :(बड़ी खबर)- पाटी के मनोज और संजय चरस की तस्करी करते हल्द्वानी में दबोचे

हल्द्वानी। नशा मुक्ति अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं रेंज की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो कथित चरस तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 1.155 किलोग्राम अवैध चरस बरामद करने के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी भी कब्जे में ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 सितंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने वाइल्डलाइफ ट्रांजिट रेस्क्यू सेंटर, काठगोदाम के पास चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मनोज चंद्र (29) निवासी बामन चापड़, तहसील पाटी, चंपावत के कब्जे से 609 ग्राम तथा संजय चंद्र (30) निवासी अनरिया, तहसील पाटी, चंपावत के कब्जे से 546 ग्राम चरस बरामद हुई। दोनों से कुल 1.155 किलोग्राम चरस बरामद की गई। तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी संख्या UK04 TB 8402 भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
मामले में कोतवाली काठगोदाम में मु0अ0सं0 116/26, धारा 08/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल प्रताप गड़िया तथा एसटीएफ कुमाऊं रेंज के उपनिरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक प्रकाश भगत और हेड कांस्टेबल मोहित वर्मा शामिल रहे।
























