हल्द्वानी :(बड़ी खबर)-कमलुवागांजा रोड पर मिली युवक की लाश, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

हल्द्वानी। कमलुवागांजा रोड पर शुक्रवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर मुखानी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान हरिपुर नायक क्षेत्र स्थित इन्द्रपुरम कॉलोनी निवासी दीपक भट्ट के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि युवक की मौत के मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।































