हल्द्वानी: किताबों के नाम पर खेल, इन तीन दर्जन से अधिक स्कूलों को नोटिस

हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई के बाद बड़ा कदम उठाया गया है। जांच में निजी स्कूलों और बुक सेलर्स के गठजोड़ का खुलासा होने के बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने 46 निजी स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जांच के दौरान यह सामने आया कि अभिभावकों को एनसीईआरटी की सस्ती किताबों की बजाय निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा था। कई दुकानों से स्कूलों द्वारा जारी पर्चियां भी बरामद हुईं, जिनमें अभिभावकों को निर्धारित दुकानों से ही कॉपी-किताब खरीदने के निर्देश दिए गए थे।
सीईओ द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि सिटी मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में गठित जांच समिति की रिपोर्ट में गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं। इनमें अभिभावकों को विशेष दुकानों से किताबें खरीदने के लिए बाध्य करना, एनसीईआरटी के अलावा महंगी निजी प्रकाशकों की किताबें थोपना, सीबीएसई के निर्देशों का उल्लंघन करना, तथा स्कूलों की वेबसाइट पर अनिवार्य सूचनाएं और फीस संरचना सार्वजनिक न करना शामिल है।
नोटिस में यह भी कहा गया है कि यह कृत्य शासन, प्रशासन और सीबीएसई के स्पष्ट निर्देशों का उल्लंघन है, जिसे गंभीरता से लिया गया है। सभी संबंधित स्कूलों को 11 अप्रैल 2026 को शाम 5 बजे तक अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय में जवाब न देने या संतोषजनक उत्तर न मिलने की स्थिति में स्कूलों के खिलाफ मान्यता/संबद्धता समाप्त करने, विधिक कार्रवाई और अन्य प्रशासनिक दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।
इन स्कूलों को जारी हुआ नोटिस:
ग्रीन सिटी पब्लिक स्कूल, आदर्श पब्लिक स्कूल, आरूष पब्लिक स्कूल (कुंवरपुर), न्यू बाल संसार पब्लिक स्कूल, चिल्ड्रन वैली पब्लिक स्कूल (बरेली रोड), डी लैम्प पब्लिक स्कूल (दमुवादूंगा), दर्पण चिल्ड्रन गार्डन पब्लिक स्कूल, ईमैनुअल पब्लिक स्कूल, जी-किड्स पब्लिक स्कूल, हिमालया विद्या मंदिर, इन्सपिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, देवभूमि पब्लिक स्कूल (देवलचौड़), जय दुर्गे पब्लिक स्कूल, किड्स केयर पब्लिक स्कूल, किंग्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, काठगोदाम पब्लिक स्कूल, लिटिल जीनियस पब्लिक स्कूल, लिटिल स्पार्कल एकेडमी, मानस पब्लिक स्कूल, नेशनल पब्लिक स्कूल, न्यू सनसाइन पब्लिक स्कूल, न्यू रेनबो पब्लिक स्कूल, सेंट लुक्स पब्लिक स्कूल, श्री कृपा पब्लिक स्कूल, सेंट जॉर्ज पब्लिक स्कूल, सनराइज पब्लिक स्कूल, समिट पब्लिक स्कूल, विवेकानंद पब्लिक स्कूल, सन बीम पब्लिक स्कूल, एसकेएम पब्लिक स्कूल (देवलचौड़), फन विद ड्राइंग पब्लिक स्कूल, टेंडर फीट पब्लिक स्कूल, वुडलैंड पब्लिक स्कूल, वीवीएम पब्लिक स्कूल, होली एंजेल पब्लिक स्कूल, पीडी मेमोरियल पब्लिक स्कूल, न्यू फेंग लैंड पब्लिक स्कूल, राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल, स्प्रिंग फील्ड पब्लिक स्कूल, दून पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल और आर्यमान विक्रम बिड़ला पब्लिक स्कूल समेत 46 स्कूलों को नोटिस भेजा गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की दिशा में बड़ा संदेश माना जा रहा है।






















