हल्द्वानी: विधायक सुमित हृदयेश ने किया हीरानगर में 33.95 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण

हल्द्वानी। हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड संख्या-17, हीरानगर स्थित संजय कॉलोनी और सतीश कॉलोनी में क्षेत्रीय विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी विधायक निधि से स्वीकृत 33.95 लाख रुपये की लागत से कराए जाने वाले जनहितकारी विकास कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया। कार्यक्रम में वार्ड-17 के पार्षद शैलेन्द्र दानू, स्थानीय गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
लोकार्पण के दौरान विधायक ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सड़क, नाली, जल निकासी सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अपने संबोधन में विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी पूज्य माताजी के आदर्शों और सेवा भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि वे उनके द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना अपना कर्तव्य मानते हैं। उन्होंने कहा, “हल्द्वानी के सर्वांगीण, संतुलित और सतत विकास के लिए मैं सदैव प्रतिबद्ध था, हूँ और आगे भी पूरी निष्ठा से कार्य करता रहूँगा।”
विधायक ने आश्वस्त किया कि हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से विकास योजनाएं लागू की जा रही हैं और भविष्य में भी जनता की जरूरतों के अनुसार कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, विमला सांगुरी, पार्षद शैलेंद्र सिंह दानू, ललित परगाई, चंदन सिंह राणा, दीपक आर्य, कृष्णानंद जोशी, अंकित जोशी, मंजू दानू, हिमांशु जोशी, आस्था लटवाल, मुकेश अग्रवाल, अजय अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, महेश अग्रवाल, करुणा अग्रवाल, ऊषा अग्रवाल एवं क्षितिज अग्रवाल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।



















