हल्द्वानीः (बड़ी खबर)- लड़कियों को इंप्रेस करने को बना फर्जी मेजर, चंपावत के युवक को उठा लायी नैनीताल पुलिस

हल्द्वानी। भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बनकर सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान दिखाने का मामला सामने आया है। मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली सूचना के बाद नैनीताल पुलिस की एसओजी टीम ने कार्रवाई करते हुए रोहित सिंह मेहता नामक युवक को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, रोहित सिंह मेहता इंस्टाग्राम पर खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर सेना की वर्दी में फोटो और फर्जी पहचान पत्र प्रदर्शित कर रहा था। जांच में उसके भारतीय सेना में होने का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में टीम ने मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर युवक की तलाश शुरू की। लोकेशन मिलने पर टीम को बिरला ओपस पेंट के गोदाम में रोहित के काम करने की जानकारी मिली।
एआई से बनाई सेना की वर्दी वाली तस्वीरें
पूछताछ में रोहित ने बताया कि उसने इंटरनेट और सोशल मीडिया से भारतीय सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली तस्वीरें प्राप्त कीं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस/गूगल जेमिनी की मदद से अपनी मॉर्फ्ड तस्वीरें तैयार कीं। इसके बाद इन तस्वीरों को इंस्टाग्राम पर सेना के पैरा स्पेशल फोर्स के मेजर के रूप में अपलोड किया। पुलिस के अनुसार, युवक ने पूछताछ में बताया कि वह सोशल मीडिया पर अपनी फॉलोइंग बढ़ाने और युवतियों को प्रभावित करने के उद्देश्य से सेना के अधिकारी का फर्जी रूप धारण कर रहा था।
दो मोबाइल और फर्जी आर्मी कार्ड बरामद
एसओजी टीम ने युवक के कब्जे से दो स्मार्टफोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, सेना के अधिकारी की वर्दी वाली फोटो-वीडियो और फर्जी प्रतीत होने वाला आर्मी पहचान पत्र बरामद किया है।
भारतीय सेना के अधिकारी का प्रतिरूपण कर फर्जी पहचान प्रदर्शित करने और धोखाधड़ी के मामले में कोतवाली हल्द्वानी में धारा 168, 318(3) और 319(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हिरासत में लिया गया युवक रोहित सिंह मेहता (20) चंपावत जिले के पाटी तहसील के कानीकोट गांव का निवासी है और वर्तमान में गोरापड़ाव, हल्द्वानी में रह रहा था।






















