हल्द्वानी:(बड़ी खबर)-चंदन अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर पर मुकदमा, पहाड़ की महिला के मौत पर हुआ था बवाल

हल्द्वानी। अल्मोड़ा से रेफर होकर आई एक महिला की मौत के बाद शव देने में कथित देरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने चंदन अस्पताल के चिकित्सा निदेशक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई मृतका के पति की तहरीर पर की गई है।
गोलना करड़िया, धारानौला (अल्मोड़ा) निवासी नंदन बिरौड़िया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 40 वर्षीय पत्नी सीमा लंबे समय से बीमार थीं। पहले उनका इलाज सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में चल रहा था, जहां से 3 जनवरी को उन्हें हल्द्वानी रेफर किया गया। इसके बाद वह पत्नी को भोटियापड़ाव स्थित चंदन अस्पताल लेकर पहुंचे।
नंदन का आरोप है कि चंदन अस्पताल पहुंचते ही सीमा को इमरजेंसी में भर्ती किया गया, जहां पहले 50 हजार रुपये नकद लिए गए और बाद में करीब 7 हजार रुपये के अतिरिक्त जांच शुल्क वसूले गए। शाम करीब साढ़े छह बजे सीमा को आईसीयू में शिफ्ट किया जा रहा था, इसी दौरान उनकी मौत हो गई।
आरोप है कि इसके बाद चंदन अस्पताल प्रबंधन ने शव सौंपने से पहले 30 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की और कहा गया कि भुगतान के बिना शव नहीं दिया जाएगा। इस बात को लेकर चंदन अस्पताल में हंगामा हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा। करीब रात 11 बजे महिला का शव परिजनों को सौंपा गया।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि तहरीर के आधार पर चंदन अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर परवेज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।



















