नैनीताल में कर्मचारी लैपटॉप और 3.5 लाख का माल लेकर फरार

नैनीताल। एक निजी फर्म का कर्मचारी लैपटॉप सहित करीब 3.5 लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गया है। फर्म स्वामी सर्वजीत सिंह ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में सर्वजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने 24 जनवरी को एक युवक को काम पर रखा था। उसे नैनीताल स्थित कार्यस्थल पर भेजा गया था। चार दिन पहले ही उसे 75 हजार रुपये कीमत का नया लैपटॉप भी कार्य हेतु उपलब्ध कराया गया था। रविवार रात तक उससे फोन पर बातचीत हुई, लेकिन सोमवार सुबह से वह अचानक लापता है।
फर्म स्वामी के अनुसार, आरोपी कर्मचारी लैपटॉप सहित लगभग 3.5 लाख रुपये का सामान लेकर फरार हुआ है। आरोप है कि उसने अलग-अलग स्थानों से भी सामग्री गायब की है।
बताया गया कि वैशाली कॉलोनी, काशीपुर निवासी गुरविंदर सिंह के यहां से लगभग 1.5 लाख रुपये का कॉपर तार गायब है। इसके अलावा ग्रीन रिजॉर्ट के कार्यस्थल से 55 हजार रुपये का कॉपर और अन्य सामग्री चोरी हुई है। फर्म के स्टोर से भी करीब 70 हजार रुपये का कॉपर व अन्य सामान गायब पाया गया है। कोतवाल हेम पंत ने बताया कि मामला काशीपुर क्षेत्र से जुड़ा है, हालांकि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।



















