देहरादून :लोक भवन में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की तीन पुस्तकों का विमोचन

देहरादून। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा तैयार एवं प्रकाशित तीन महत्वपूर्ण पुस्तकों का विमोचन मंगलवार को लोक भवन, देहरादून में उत्तराखण्ड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी तथा सचिव श्री राज्यपाल श्री रविनाथ रामन सहित राजभवन एवं विश्वविद्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।
विमोचित पुस्तकों में ‘21वीं सदीः चुनौतियां और अवसर’ (21st Century Challenges), ‘विकसित भारत@2047—आत्मनिर्भर, समावेशी और सतत राष्ट्र निर्माण के बढ़ते कदम’ तथा ‘विकसित उत्तराखण्डः राज्यपाल के पंच स्वप्न और संदृष्टि’ शामिल हैं।
पुस्तकों के माध्यम से आत्मनिर्भरता, नवाचार, ज्ञान, शिक्षा और सतत विकास के साथ देश एवं प्रदेश के भविष्य की दिशा पर विचार प्रस्तुत किए गए हैं।
इस अवसर पर राज्य के सरकारी एवं निजी विश्वविद्यालयों के कुलपति, लोकभवन के अधिकारी कर्मचारी और उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से पुस्तकों के सम्पादन मंडल के सदस्य प्रो. मंजरी अग्रवाल, प्रो. डिगर सिंह फर्सवाण, प्रो. जितेंद्र पाण्डेय एवं प्रो. कमल देवलाल सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय की ओर से इन पुस्तकों के प्रकाशन को अकादमिक एवं बौद्धिक गतिविधियों की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
























