हल्द्वानी: राजभवन घेराव को लेकर कांग्रेस का बिगुल, कुमाऊँ से हजारों कार्यकर्ता करेंगे देहरादून कूच

हल्द्वानी। सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने 16 फरवरी को देहरादून में प्रस्तावित “राजभवन घेराव” को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस भवन, स्वराज आश्रम हल्द्वानी में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की अधिकतम भागीदारी, परिवहन व्यवस्था, अनुशासन एवं स्थल प्रबंधन सहित सभी पहलुओं पर गंभीर मंथन किया गया। कार्यक्रम के संयोजक एवं कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष, वरिष्ठ विधायक श्री प्रीतम सिंह ने कहा कि यह आंदोलन प्रदेश की जनता के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए है। उन्होंने विश्वास जताया कि कुमाऊँ सहित पूरे प्रदेश से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता देहरादून पहुंचेंगे।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने प्रदेश सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और विकास कार्यों में ठहराव से परेशान है। उनके अनुसार 16 फरवरी का राजभवन घेराव जनआक्रोश की सशक्त अभिव्यक्ति बनेगा।
कांग्रेस वर्किंग कमेटी सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। वहीं हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र से व्यापक भागीदारी के लिए जिम्मेदारियां बांट दी गई हैं। कार्यक्रम का संचालन महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट और जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने किया। बैठक में कई विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर आंदोलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।



















