उत्तराखंड: (बड़ी खबर)-सुमना ग्लेशियर हादसे में अब तक छह लोगों की मौत, सेना ने 384 को बचाया

चमोली। एक बार फिर चमोली जिले में ग्लेशियर मौत बनकर टूटा है। देर रात टूटे इस ग्लेशियर ने अपना कहर बरपाया है। जोशीमठ सेक्टर के सुमना क्षेत्र में इसकी चपेट में आए सडक़ निर्माण कार्य में जुटे व्यक्तियों को बचाने में सेना का अभियान जारी है। सेना ने ट्वीट कर जानकारी दी कि राहत बचाव के दौरान 384 व्यक्तियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। इसमें छह लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
इसके अलावा भारतीय सेना ने अभी तक 6 लोगों के शव बरामद कर लिए हैं। वहीं बर्फ के नीचे फंसे शेष लोगों का पता लगाने के लिए बचाव अभियान भी जारी है। सेना ने बर्फबारी के बीच भी रेस्क्यू जारी रखा। देर रात रेस्क्यू ऑपरेशन को रोकने के बाद शनिवार सुबह फिर से रेस्क्यू शुरू किया गया। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने हेलीकाप्टर से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया है। सेना का कहना है कि अभी कई लोग लापता होने की सूचना पर रेस्क्यू जारी है।
