UKPSC ने जारी किया परीक्षाओं का कैलेंडर, पीसीएस मुख्य परीक्षा 27 से 30 अप्रैल तक

UKPSC LIVE NEWS: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने विभिन्न भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार पीसीएस मुख्य परीक्षा 2025 का आयोजन 27 से 30 अप्रैल 2025 के बीच किया जाएगा। यह जानकारी आयोग के परीक्षा नियंत्रक जयवर्धन शर्मा द्वारा जारी कैलेंडर में दी गई है।
कैलेंडर के मुताबिक सचिवालय एवं लोक सेवा आयोग में भर्ती की अपर निजी सचिव परीक्षा 2024 की मुख्य परीक्षा 14 मार्च को आयोजित होगी। वहीं महिला कल्याण विभाग की अधीक्षिका स्क्रीनिंग परीक्षा 2025 का आयोजन 22 मार्च को प्रस्तावित है। न्यायिक विभाग की पीसीएस-जे मुख्य परीक्षा 2023, 21 से 24 अप्रैल के बीच संपन्न कराई जाएगी।
इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता भर्ती में भौतिक शास्त्र की परीक्षा 9 मई, नागरिक शास्त्र की मुख्य परीक्षा 10 मई, हिंदी की परीक्षा 30 मई तथा इतिहास की मुख्य परीक्षा 31 मई को आयोजित की जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि ये सभी तिथियां संभावित हैं और इनमें आवश्यकता पड़ने पर परिवर्तन किया जा सकता है।
डेयरी विकास विभाग के अंतर्गत सहायक निदेशक पद की 12 अप्रैल को प्रस्तावित परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। वहीं समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा 2024 की कंप्यूटर आधारित परीक्षा की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी। प्रवक्ता भर्ती के शेष विषयों की परीक्षा तिथियां भी जल्द जारी होंगी। पीसीएस 2024 के साक्षात्कार 16 मार्च से प्रस्तावित हैं।




























