भवाली: कैंची धाम बायपास पर 546.75 लाख रुपये से बन रहा पुल, सासंद भट्ट ने किया निरीक्षण

भवाली। अजय भट्ट, सांसद नैनीताल उधमसिंहनगर एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री, ने शुक्रवार को भवाली क्षेत्र में चल रहे महत्वपूर्ण विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने भवाली बाईपास पर लगभग 546.75 लाख रुपये की लागत से निर्मित नव पुल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से निर्माण की गुणवत्ता व प्रगति की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने कैंची धाम बाईपास और मंदिर क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का भी जायजा लिया।
सांसद भट्ट ने बताया कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत कैंचीधाम में करीब 39 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला वाहन पार्किंग और अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। पार्किंग निर्माण पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी और भवाली-अल्मोड़ा हाईवे पर लगने वाले जाम की समस्या में भी कमी आएगी।
उन्होंने कहा कि भवाली-रातिघाट बाईपास के निर्माण से यातायात और अधिक सुगम व सुविधाजनक होगा, जिससे कुमाऊं के पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले लोगों को जाम से निजात मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किए जाएं। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। इसके उपरांत सांसद ने कैंचीधाम में बाबा नीम करौरी महाराज के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में चेयरमैन संजय वर्मा, भावना मेहरा, गोपाल रावत, शिवांशु जोशी, प्रकाश आर्या, हिमांशु बिष्ट, आशु चंदोला, अखिलेश सेमवाल, नीरज बिष्ट, शुभम कुमार, वैभव आनंद, धीरज तिवाड़ी, मदन मोहन सिंह कैड़ा, उपजिलाधिकारी मोनिका, ईई लोक निर्माण विभाग कृष्ण कुमार, रत्नेश सक्सेना सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



















