हल्द्वानी: एनएसएस शिविर में गूंजा महिला सशक्तिकरण का संदेश, छात्रों ने चलाया स्वच्छता अभियान

हल्द्वानी। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, किशनपुर गोलापार की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा मंगलवार को महाविद्यालय परिसर में पंचम “एक दिवसीय शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर के शारीरिक सत्र की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार के संबोधन से हुई। उन्होंने सभी स्वयंसेवियों को शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक संख्या में शिविर में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद स्वयंसेवियों ने एनएसएस गीत गाते हुए महाविद्यालय के आसपास के क्षेत्रों मदनपुर, बसंतपुर, किशनपुर और कल्याणपुर में “अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस” विषय पर जन-जागरूकता अभियान चलाया। स्वयंसेवियों ने लोगों को महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता के प्रति जागरूक किया।
शिविर के अंतर्गत स्वयंसेवियों द्वारा महाविद्यालय परिसर तथा नर्मदेश्वर मंदिर प्रांगण में वृहद स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई। वहीं बौद्धिक सत्र में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से स्वयंसेवियों के साथ संवाद कार्यक्रम और पोस्टर प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। प्रदर्शनी में भारतीय इतिहास में विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभाने वाली महिलाओं की आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक उपलब्धियों को पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से आए महेश भट्ट, दीपा बिष्ट और सपना ने महिला दिवस के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना जोशी ने किया तथा अंत में सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्री गौरव जोशी और डॉ. किरण जोशी का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. डी.सी. पांडे, डॉ. भारती बहुगुणा, डॉ. भारती, डॉ. बसंत कुमार नेगी, डॉ. बुशरा, डॉ. सुरेश जोशी, डॉ. रीमा आर्य, डॉ. आशीष अंशु, डॉ. कंचन जोशी, डॉ. सुरभि गुप्ता और डॉ. भुवन मठपाल सहित अन्य कर्मचारी, स्वयंसेवी और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।















