हल्द्वानी: धामी सरकार के विकास मॉडल से उत्तराखंड स्वर्णिम युग की ओर: जोशी

हल्द्वानी। भाजपा संभाग कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा उत्तराखंड के मुख्य प्रवक्ता सुरेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में हो रहे ऐतिहासिक विकास कार्यों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड आज राष्ट्रीय मानकों पर अग्रणी राज्य बन चुका है और 25 वर्षों के इतिहास में यह समय राज्य का स्वर्णिम काल कहा जा सकता है।
जमरानी बांध व रेल परियोजनाओं से तेजी पकड़ता विकास
जोशी ने बताया कि लंबे समय से लंबित जमरानी बांध परियोजना, जिसे तराई-भाबर की लाइफलाइन माना जाता है, अब धरातल पर उतरती दिख रही है। इसके साथ ही ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण में पहुंच चुकी है, जो धार्मिक पर्यटन और सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। हल्द्वानी के बढ़ते स्वरूप को देखते हुए रिंग रोड परियोजना भी जल्द शुरू होने जा रही है।
पर्यटन व धार्मिक स्थलों का व्यापक विकास
चारधाम यात्रा में विपरीत मौसम के बावजूद इस वर्ष 51 लाख श्रद्धालुओं के आगमन को रिकार्ड बताते हुए उन्होंने कहा कि मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत कैचीधाम, जागेश्वर, बाराही धाम, गोल्ज्यू सर्किट, नंदादेवी आदि का व्यापक विकास किया जा रहा है।
स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार
उन्होंने बताया कि हल्द्वानी और अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेजों के साथ ही रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में भी मेडिकल कॉलेजों का निर्माण तेज गति से हो रहा है। शिक्षा में अटल उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से सरकारी स्कूलों में सीबीएसई आधारित अंग्रेजी माध्यम शिक्षा प्रदान की जा रही है।
सीमा क्षेत्रों में तेज़ी से हो रहा आधारभूत विकास
वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत 51 सीमांत गांवों का मूलभूत विकास किया जा रहा है। भारतमाला परियोजना के अंतर्गत सीमांत क्षेत्रों की सड़कों को 9 मीटर तक चौड़ा किया जा रहा है। उड़ान योजना से पिथौरागढ़, धारचूला और मुनस्यारी जैसे दूरस्थ क्षेत्र अब मिनटों में हल्द्वानी व देहरादून से जुड़ चुके हैं।
रोजगार, निवेश और स्वरोजगार में ऐतिहासिक उपलब्धिया
धामी सरकार ने पिछले 4 वर्षों में 26 हजार सरकारी नौकरियां दी हैं। इन्वेस्टर मीट में साइन हुए 3.56 लाख करोड़ के एमओयू में से 1 लाख करोड़ की परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं। स्वरोजगार में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना, होम स्टे, एप्पल मिशन, ट्राउट फार्मिंग तथा महिला स्वयं सहायता समूहों ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
भ्रष्टाचार व अवैध प्रमाणपत्रों के खिलाफ सख्त रुख
जोशी ने बताया कि धामी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत 200 से अधिक भ्रष्ट अधिकारी-कर्मचारी जेल भेजे जा चुके हैं। राज्य की डेमोग्राफी को प्रभावित करने के प्रयासों को रोकने के लिए लैंड जिहाद और अवैध निवास/आईडी प्रमाणपत्रों की गहन जांच प्रदेशभर में चल रही है। उन्होंने बताया कि सतत विकास लक्ष्य रैंकिंग में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर यह साबित किया है कि राज्य तेजी से विकसित भारत–2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।
प्रेसवार्ता से पूर्व सुरेश जोशी का भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ और पटका पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदीप जनौटी, विनीत अग्रवाल, नितिन राणा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।















