हल्द्वानीः दोस्तों संग खेलने गया किशोर नदी में बहा, खबर सुन मां हुई बेसुध

Haldwani News: ग्राम पंचायत हैड़ाखान के तोक भोड़िया गांव निवासी पूरन चंद्र का 14 वर्षीय बेटा मोहित रविवार शाम गौला नदी के किनारे अपने दोस्तों के साथ खेलते समय नदी में बह गया। साथ के बच्चों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे परिजन और ग्रामीणों ने खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला।
ग्रामीणों के मुताबिक, मोहित गांव के तीन-चार बच्चों के साथ नदी किनारे खेल रहा था। शाम करीब चार बजे बच्चों ने मोहित के घर वालों को उसके गौला नदी में बहने की सूचना दी। ग्रामीणों के साथ पहुंचे परिजनों ने तलाश शुरू की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इस दौरान प्रधान मुन्ना पलड़िया ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस को सूचना दी। लेकिन रात आठ बजे तक भी प्रशासनिक अमला मौके पर नहीं पहुंचा था। ग्राम प्रधान ने बताया कि मोहित जूनियर हाईस्कूल, भोड़िया में कक्षा छह का छात्र है। उसकी एक छोटी बहन और भाई है। किशोर के बहने की सूचना के बाद से उसकी मां गीता देवी बेसुध हैं। काठगोदाम थानाध्यक्ष, विमल मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने अपने सीमा क्षेत्र में छानबीन शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चला।




